लीक होते प्रश्न-पत्र ( व्यंग )
लीक होते प्रश्न-पत्र भारतीय प्रश्न-पत्र लीक के इतिहास को खोलकर देखने पर आपको भारतीय युवाओं के होनहार होने के कई प्रमाण मिल जाएगेँ। बस सरकार उन्हें इस सराहनीय कार्य के लिए प्रमाण-पत्र नहीं दे पा रही है। ये भी एक कला है और हां काम तो बेहद मेहनत का है, साथ में रिस्क अलग से है। बेरोजगारी ने तो करेले को नीम पर चढ़ा दिया है। सरकारी संस्थान भी अपनी इंटरनेट सुरक्षा इतनी अधिक रखते हैं कि कोई अवतारी व्यक्ति ही सेंध लगा सकता है। और आप ये बात अच्छे से जानते हैं कि भारत में अवतारी व्यक्तियों की कमी नहीं है। हर वर्ष ऐसे कई अवतार हो जाते हैं, जो हमारे युवाओं की परीक्षा के दबाव को कम करने में अपना सहयोग दे देते हैं। इस परोपकार के बदले में अच्छी रकम के साथ उन युवाओं के करोड़पति माता-पिता का आशिर्वाद भी मिल जाता है। चूंकि भारत धार्मिक देश है, तो इतना पुण्य तो हर कोई कमाना चाहता है। हां कुछ एक निठल्ले लोग हैं, जो दिन-रात दिमाग घिस-घिस कर पढ़ते रहते हैं, औऱ सोंचते हैं कि वे पास भी होंगे और अच्छी नौकरी भी पा जाएगें। ...